त्योहारों की रौनक और सर्दियों की दस्तक के बीच सहरसा के पटेल मैदान में शुक्रवार को खादी शिल्प उत्सव मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला भूमि सुधार पदाधिकारी धीरज कुमार ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। 6 नवंबर से 28 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में देश के 15 राज्यों के दुकानदार अपने आकर्षक उत्पादों और हस्तशिल्प के साथ पहुंचे हैं। यहां लोगों को खरीदारी के साथ देश के अलग-अलग राज्यों की कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है।
उद्घाटन के अवसर पर जिला भूमि सुधार पदाधिकारी धीरज कुमार ने कहा कि धनतेरस, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों को ध्यान में रखकर इस मेले का आयोजन किया गया है। मेले में खादी के कपड़ों के अलावा घरेलू उपयोग की वस्तुएं, फर्नीचर और सजावटी सामान उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सरकार की लोकल फॉर वोकल की सोच को आगे बढ़ाते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलता है और रोजगार के अवसर भी पैदा होते हैं।
मेले के संचालक सुधीर शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी खादी शिल्प उत्सव मेले का आयोजन किया गया है। इसमें 15 राज्यों के दुकानदार अपने विशेष उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। गुजरात के बेडरूम फर्नीचर, सहारनपुर के आकर्षक लकड़ी के फर्नीचर सहित कई तरह के स्टॉल लगाए गए हैं। बंगाल, गुजरात समेत अन्य राज्यों के दुकानदार भी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री कर रहे हैं।
सर्दी के मौसम को देखते हुए मेले में खादी के गर्म कपड़ों की विशेष रेंज उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा घरेलू सामान, हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुएं और फर्नीचर की खरीदारी भी लोग कर सकेंगे।
आयोजकों के मुताबिक मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9:30 बजे तक खुला रहेगा। 28 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में त्योहारों और सर्दियों की खरीदारी के लिए लोगों को एक ही परिसर में कई राज्यों के उत्पाद देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन की ओर से जवानों की तैनाती भी की गई है।






