सहरसा: बिहार के सहरसा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सहरसा-सुपौल रेलखंड पर रेलवे ट्रैक किनारे करीब 20 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार को कचहरी ढाला के समीप शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कचहरी ढाला के पास रेलवे ट्रैक किनारे लोगों ने एक युवती का शव देखा। इसके बाद तत्काल डायल 112 और आरपीएफ को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच की। मृतका की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक, युवती ने सलवार-सूट पहन रखा था। वहीं, उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई होगी। हालांकि, यह हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि मृतका की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। नियमानुसार शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि परिजन उसकी पहचान कर सकें। इसके लिए आसपास के थानों और क्षेत्रों में लापता युवतियों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवती कौन थी और वह रेलवे ट्रैक के किनारे कैसे पहुंची? पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।






