जामताड़ा साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी फर्जी ऐप और कैशबैक के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बोरबा गांव में बबलू अंसारी के घर छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ आमबगान के समीप छापेमारी कर दो अन्य अपराधियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू अंसारी (22), पप्पू मंडल (25) और प्रकाश कुमार मंडल (28) के रूप में हुई है।
**फर्जी ऐप से करते थे साइबर ठगी**
पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को कॉल कर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी समस्या दूर करने का झांसा देते थे। इसके बाद मोबाइल पर रम्मी ऐप की फर्जी एपीके फाइल भेजकर उसे इंस्टॉल करवाते थे। इससे मोबाइल की जानकारी हासिल कर साइबर ठगी की जाती थी।
इसके अलावा फोन-पे पर 1,999 रुपये कैशबैक का फर्जी मैसेज भेजकर लोगों को झांसे में लेते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था।
**पहले भी दर्ज हैं साइबर अपराध के मामले**
पुलिस के मुताबिक, पप्पू मंडल साइबर थाना कांड संख्या 33/25 और प्रकाश कुमार मंडल कांड संख्या 09/25 में आरोप पत्रित है। तीनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 71/26 और 72/26, दिनांक 04 नवंबर 2026 को बीएनएस, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी और कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।





