अररिया के सरकारी स्कूल में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, तीन शिक्षक निलंबित, दो का वेतन रोका

अररिया:बिहार के अररिया जिले में सरकारी विद्यालयों में लापरवाही और अनियमितता के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। नरपतगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय चकरदाहा में औचक निरीक्षण के दौरान कई गड़बड़ियां सामने आने के बाद पांच शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है। इनमें प्रधान शिक्षिका समेत तीन शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो अन्य शिक्षकों का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी साहेब आलम ने 23 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर प्राथमिक विद्यालय चकरदाहा का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उपस्थिति पंजी में हाजिरी दर्ज होने के बावजूद संबंधित शिक्षक विद्यालय में मौजूद नहीं मिले। विशिष्ट शिक्षिका राखी कुमारी और विशिष्ट शिक्षक निशांत कुमार पर मिलीभगत कर अवैध रूप से उपस्थिति दर्ज कराने और विद्यालय से अनुपस्थित रहने का आरोप लगा। दोनों से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

Sponsored Advertisement

वहीं, प्रधान शिक्षिका सुषमा कुमारी पर मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितता, विद्यार्थियों की उपस्थिति वास्तविक संख्या से अधिक दर्ज करने और योजना की राशि के गबन का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा विद्यालय संचालन में लापरवाही, प्रशासनिक एवं वित्तीय अनियमितता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के मामले भी सामने आए।

निरीक्षण के दौरान विशिष्ट शिक्षक कौशल कौशिक और पंकज कुमार यादव विद्यालय परिसर में बैठकर मोबाइल का इस्तेमाल करते पाए गए। दूसरी ओर, बच्चे विद्यालय परिसर में इधर-उधर घूम रहे थे। पठन-पाठन के प्रति लापरवाही को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया था। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर उनका वेतन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बिहार सरकारी सेवक वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली, 2005 के तहत प्रधान शिक्षिका सुषमा कुमारी, राखी कुमारी और निशांत कुमार को निलंबित किया है। निलंबन अवधि में तीनों का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, नरपतगंज निर्धारित किया गया है और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों की देखभाल और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनियमितता मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

बेगूसराय में 31 हजार रुपये रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, निगरानी टीम ने रंगेहाथ दबोचा

बेगूसराय में 31 हजार रुपये रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, निगरानी टीम ने रंगेहाथ दबोचा

सीवान में दोस्त के साथ बाजार जा रहे युवक को मारी गोली, सीने में लगी गोली; पटना रेफर

सीवान में दोस्त के साथ बाजार जा रहे युवक को मारी गोली, सीने में लगी गोली; पटना रेफर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *