
पलामू। झारखंड के पलामू जिले के रेहला स्थित ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड परिसर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। यहां कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों के रहने के लिए बने सात स्टाफ क्वार्टरों को चोरों ने निशाना बनाया। दुर्गा पूजा के दौरान क्वार्टरों में रहने वाले अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने घर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद क्वार्टरों के दरवाजे तोड़कर या काटकर अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रेहला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस स्निफर डॉग की भी मदद ले रही है। इसके अलावा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की गतिविधियों और उनके परिसर में प्रवेश करने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
सात क्वार्टरों में चोरी की पुष्टि
ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नितेश पांडे ने घटना की पुष्टि की है। वहीं, रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि अब तक सात क्वार्टरों में चोरी की जानकारी मिली है। परिसर के अन्य क्वार्टरों की स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटना में कितने लोग शामिल थे और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया।
हाई-सिक्योरिटी परिसर में चोरी से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड का परिसर चारों तरफ से दीवार से घिरा हुआ है और इसे हाई-सिक्योरिटी जोन माना जाता है। ऐसे में परिसर के भीतर घुसकर सात क्वार्टरों में चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि चोर परिसर के अंदर कैसे दाखिल हुए और घटना को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से बाहर निकले।
फिलहाल चोरी गई संपत्ति का सही आकलन नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि क्वार्टरों से लाखों रुपये के कीमती सामान और गहनों की चोरी हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही चोरी गई संपत्ति और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
लोकेशन – पलामू, झारखंड
संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट





