apnabiharjharkhand

धनबाद केसलपुर में अवैध कोयला खनन पर बवाल, विरोध करने पहुंचे ग्रामीणों पर बमबाजी का आरोप

धनबाद के बाघमारा स्थित रामकनाली ओपी क्षेत्र के केसलपुर गांव में अवैध कोयला खनन को लेकर बुधवार को जमकर बवाल हो गया। अवैध खनन का विरोध करने पहुंचे ग्रामीणों और कथित कोयला कारोबारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विरोध को दबाने के लिए बमबाजी कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों के मुताबिक, केसलपुर इलाके में लंबे समय से अवैध कोयला कटाई का काम जारी है। लगातार हो रहे अवैध खनन से जमीन धंसान और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। इसी समस्या को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर खनन कार्य को बंद कराने पहुंचे थे। इस दौरान कथित कोयला कारोबारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध कारोबार से जुड़े लोगों ने बाहरी तत्वों को बुलाकर करीब 100 से 150 लोगों की भीड़ इकट्ठा कर ली। विरोध कर रहे ग्रामीणों को डराने और दबाव बनाने के लिए बमबाजी की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन ग्रामीणों में दहशत का माहौल कायम है।

 

घटना के समय पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आक्रोशित ग्रामीण बाद में रामकनाली ओपी पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ओपी में मौजूद एक बिना वर्दी वाले सिपाही ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और वहां से बाहर निकल जाने की धमकी दी।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब अवैध कोयला खनन पर रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

संवाददाता – नीतीश कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *