apnabiharjharkhand

धनबाद पुलिस हुई हाईटेक, 122 नई पेट्रोलिंग बाइक से अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

धनबाद पुलिस अब अपराध नियंत्रण को लेकर और अधिक हाईटेक तथा तेज़ नजर आने वाली है। बुधवार को पुलिस केंद्र में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी थानों के लिए 122 अत्याधुनिक पेट्रोलिंग बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार मौजूद रहे।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन नई बाइकों के शामिल होने से पुलिस की त्वरित कार्रवाई क्षमता और मजबूत होगी। खास बात यह है कि इन बाइकों में सायरन, ब्लिंकर्स और जीपीएस जैसी आधुनिक सुविधाएं लगाई गई हैं। इन सभी बाइकों की मॉनिटरिंग सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से की जाएगी, जिससे किसी भी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी।

 

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि कई ऐसे इलाके होते हैं जहां चारपहिया वाहन समय पर नहीं पहुंच पाते। ऐसे स्थानों पर बाइक पेट्रोलिंग काफी कारगर साबित होगी। उन्होंने बताया कि धनबाद में 112 सेवा का रिस्पॉन्स टाइम अब 10 मिनट से भी कम हो गया है, जो पूरे झारखंड में बेहतर माना जा रहा है।

 

वहीं उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि अपराधी लगातार नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए पुलिस को भी आधुनिक संसाधनों से लैस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के कंट्रोल रूम को भी हाईटेक बनाया गया है, जहां से जिलेभर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

 

अधिकारियों के अनुसार इससे पहले भी थानों और सिटी हॉक्स टीम को नई बाइक उपलब्ध कराई गई थी। अब धनबाद पुलिस के पास करीब 250 पेट्रोलिंग बाइक हो चुकी हैं, जिससे अपराध नियंत्रण, गश्त और आपातकालीन रिस्पॉन्स सिस्टम को और मजबूती मिलेगी।

 

संवाददाता : नीतीश कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *