झारखंड पुलिस प्रशासन में बुधवार को बड़ा और ऐतिहासिक प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्यभर में एक साथ 201 डीएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी कर दी है। इसे राज्य के पुलिस महकमे में अब तक का सबसे बड़ा ट्रांसफर माना जा रहा है। इस व्यापक बदलाव के बाद कई जिलों और महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
गृह विभाग की ओर से जारी सूची के मुताबिक, कई ऐसे डीएसपी अधिकारियों का तबादला किया गया है जो लंबे समय से एक ही जिले या पद पर कार्यरत थे। विभाग का मानना है कि लगातार एक ही स्थान पर तैनाती से प्रशासनिक निष्पक्षता और कार्यशैली प्रभावित होती है। ऐसे में नई जगहों पर पोस्टिंग देकर पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने की कोशिश की गई है।
इस बड़े फेरबदल में हाल ही में प्रमोशन पाए अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। लंबे समय से पोस्टिंग की प्रतीक्षा कर रहे कई पुलिस उपाधीक्षकों को भी नई तैनाती दी गई है। सरकार का उद्देश्य अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य करने का अनुभव देना और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाना बताया जा रहा है।
तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील पद शामिल हैं। बड़कागांव डीएसपी पवन कुमार का भी तबादला किया गया है। इसके अलावा कई जिलों में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
सूत्रों की मानें तो सरकार लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों के लोकल नेटवर्क को तोड़ना चाहती थी। इसी रणनीति के तहत यह व्यापक बदलाव किया गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस फैसले का असर राज्य की पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर देखने को मिलेगा।
संवाददाता – सुनील कुमार ठाकुर


