सहरसा में पूर्व विधायक के बेटे और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। सदर थाना में दिए गए आवेदन में एक महिला ने आरोप लगाया है कि उनके पति के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, उन्हें बंधक बनाकर पीटा गया और नकदी व जेवर भी छीन लिए गए। पीड़िता ने पूरे मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
सहरसा सदर थाना क्षेत्र के गांधी पथ स्थित वार्ड नंबर 8/39 की रहने वाली मधुमाला देवी ने थाना में आवेदन देकर पूर्व विधायक गुंजेश्वर साह के बेटे मनोज कुमार साह, रोहित कुमार और अन्य लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, छिनतई और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
आवेदन में कहा गया है कि 18 मई 2026 को उनका परिवार किराए के मकान से दूसरे मकान में शिफ्ट हो रहा था। इसी दौरान आरोपी पक्ष वहां पहुंचा और घर में लगे इन्वर्टर व अन्य सामान ले जाने से रोकने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड, लाठी और फरसा लेकर हमला कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, उनके पति विनोद कुमार के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिससे उनका हाथ टूट गया। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें घसीटते हुए अपने आवास पर ले जाकर कुर्सी से बांध दिया और फिर मारपीट की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनके कान की बाली, पति की सोने की अंगूठी और जेब में रखे दस हजार रुपये भी छीन लिए गए।
घटना के बाद घायल विनोद कुमार को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में रखा गया है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि थाना जाने पर जान से मारने की धमकी दी गई।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


