बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब सेवन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब मुजफ्फरपुर से एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसने पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। वायरल वीडियो में डायल-112 में तैनात एक पुलिसकर्मी पर शराब पीने का आरोप लगाया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो कटरा थाना क्षेत्र के बकूची चौक के पास का है। वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मी की पहचान डायल-112 की ईआरएसएस टीम में तैनात पीटीसी शौकत अली उर्फ शौकत खान के रूप में की जा रही है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में पुलिस जवान के शराब सेवन करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि प्रशासन ने कहा है कि वीडियो और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने तत्काल जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक विभागीय कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी को कटरा थाना की ड्यूटी से हटाकर आरक्षी केंद्र, मुजफ्फरपुर भेज दिया गया है।
डीएसपी पूर्वी अल्य वस्त ने बताया कि वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। यदि जांच और मेडिकल रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि होती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच शराबबंदी कानून को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब कानून का पालन कराने वाले ही नियमों का उल्लंघन करते नजर आएंगे तो शराबबंदी व्यवस्था कितनी प्रभावी रहेगी। फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।


