भागलपुर। विक्रमशिला सेतु की मरम्मत को लेकर पुल पर परिचालन बंद होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन के लिए गंगा नदी के रास्ते जहाजों का परिचालन शुरू किया गया है। इसी दौरान गंगा नदी में दो जहाजों के आपस में टकराने की घटना सामने आई है। हालांकि, हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, भागलपुर बियाडा स्थित गंगा घाट से यात्रियों को जहाज के माध्यम से नवगछिया पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में रेम के पास एक जहाज का पिछला हिस्सा दूसरे जहाज से टकरा गया। बताया जा रहा है कि दोनों जहाजों पर यात्री सवार थे।
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, बियाडा गंगा घाट से चलने वाले एमवी स्वामी परमहंस जहाज को संवेदक शेखर के जहाज ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी, हालांकि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि जहाजों के परिचालन की समय-सारणी को लेकर संवेदकों के बीच विवाद भी सामने आया है। आरोप है कि यात्रियों को लाने-ले जाने और परिचालन के समय को लेकर आपसी प्रतिस्पर्धा के बीच यह घटना हुई। हालांकि, विवाद और टक्कर के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य के कारण वाहनों का परिचालन प्रभावित है। लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से भागलपुर बियाडा गंगा घाट से नवगछिया के बीच जलमार्ग से यात्री सेवा शुरू की गई है।
घटना के बाद जहाजों के सुरक्षित परिचालन और समय-सारणी को लेकर प्रशासन की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।






