मेदिनीनगर। पलामू में लायंस क्लब डाल्टनगंज फेमिना की ओर से डांडिया कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की बड़ी संख्या में महिलाओं और बेटियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने डांडिया और गरबा की धुन पर जमकर नृत्य किया, जिससे पूरा माहौल उत्सव और उमंग से भर गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की पत्नी ज्योति सिंह शेखावत शामिल हुईं। क्लब की ओर से उनका पुष्पगुच्छ और शॉल देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। ज्योति सिंह शेखावत ने भी डांडिया की धुन पर महिलाओं के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस मौके पर ज्योति सिंह शेखावत ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी मेल-जोल और सौहार्द की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने व्यस्त जीवन से थोड़ा समय निकालकर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से मनोरंजन के साथ खुद के लिए भी समय निकालती हैं। उन्होंने शहर में इस तरह के आयोजन लगातार होते रहने की बात कही।
उन्होंने कहा कि शहर की महिलाओं और बेटियों को प्रशासन की ओर से किसी तरह की सहायता की आवश्यकता होगी तो हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
लायंस क्लब डाल्टनगंज फेमिना की अध्यक्ष डॉली सिंह ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी क्लब की ओर से डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। महिलाओं से मिले उत्साह और सकारात्मक प्रतिक्रिया से क्लब के सदस्यों को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष कार्यक्रम को और बड़े स्तर पर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।
डॉली सिंह ने कहा कि लायंस क्लब फेमिना गरीबों और वंचितों की मदद के साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए लगातार काम कर रहा है। समाज सेवा केवल धर्म नहीं, बल्कि कर्म भी होना चाहिए और क्लब के सदस्य इसी भावना के साथ सेवा कार्यों में जुटे हैं।
क्लब की पूर्व अध्यक्ष संगीता शंकर ने कहा कि कार्यक्रम में महिलाओं ने जमकर आनंद लिया और सभी के चेहरों पर खुशी और मुस्कान नजर आई। महिलाओं की शानदार भागीदारी से कार्यक्रम यादगार बन गया।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू







