धनबाद: जिले के धनसार थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला दुहाटांड़ इलाके का है, जहां शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान का वेंटिलेटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए और सोने-चांदी के जेवरात समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह दुकान संचालक जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और कई कीमती आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी।
दुकानदार के अनुसार, चोरों ने दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया है। चोरी हुए सामान में ग्राहकों द्वारा रिपेयरिंग के लिए दिए गए पुराने सोने-चांदी के गहने भी शामिल हैं। ऐसे में चोरी के बाद ग्राहकों की चिंता भी बढ़ गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरी गए जेवरात की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, दुकान में रखे सभी सामान का आकलन और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पाकर धनसार थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी के तरीके और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए।
वहीं, स्थानीय व्यवसायियों ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।








