कटिहार में डायल-112 टीम पर 50 रुपये लेने का आरोप, दो पुलिसकर्मी निलंबित, चालक पर भी कार्रवाई

कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में डायल-112 की पुलिस टीम पर सड़क पर एक व्यक्ति को रोककर रुपये लेने का आरोप लगा है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद कटिहार एसपी परिचय कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए।

मामला कदवा थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में दावा किया गया कि पूर्णिया से कटिहार की ओर जा रहे एक व्यक्ति को डायल-112 की टीम ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उससे रुपये की मांग की। इसके बाद उस व्यक्ति ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को 50 रुपये दिए और वहां से आगे निकल गया। घटना के बाद उसने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

Sponsored Advertisement

वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद इसकी जांच कराई गई। पुलिस के मुताबिक, जांच में वायरल वीडियो में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद डायल-112 में तैनात पीटीसी टिंकू कुमार और सिपाही अभिमन्यु कुमार को निलंबित कर दिया गया। वहीं, डायल-112 के चालक अर्जुन यादव को तत्काल प्रभाव से पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया।

मामले में तीनों के खिलाफ कदवा थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

हेडक्वार्टर डीएसपी सद्दाम हुसैन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लिया था। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में 50 रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया है और प्राथमिकी दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, इस कार्रवाई के बाद डायल-112 जैसी आपात सेवा में तैनात पुलिसकर्मियों की जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Related Posts

अनंत सिंह के बागी तेवर से JDU में हलचल, प्रशांत किशोर बोले- बदलाव के समर्थन में हैं तो स्वागत है

अनंत सिंह के बागी तेवर से JDU में हलचल, प्रशांत किशोर बोले- बदलाव के समर्थन में हैं तो स्वागत है

बाढ़ के पानी में फंसे 12 हिरणों का रेस्क्यू, 4 नर और 8 मादा सुरक्षित निकाले गए

बाढ़ के पानी में फंसे 12 हिरणों का रेस्क्यू, 4 नर और 8 मादा सुरक्षित निकाले गए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *