सारण। बाढ़ और आपदा की स्थिति के बीच प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए प्रशासन ने राहत अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सारण जिले के पानापुर प्रखंड में ड्राई राशन के एयर ड्रॉप के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से राहत सामग्री पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की गई है। इसके लिए स्टेट हैंगर, पटना से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी।
राहत सामग्री के एयर ड्रॉप से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए पटना के जिलाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने एयर ड्रॉप से संबंधित तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों तक आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाने को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्य सचिव, बिहार प्रत्यय अमृत के मार्गदर्शन तथा आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के निर्देश पर विभागीय संयुक्त सचिव अविनाश कुमार और जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता मो. आसिफ इकबाल भी मौके पर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने राहत सामग्री के एयर ड्रॉप से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।
अतिरिक्त राशन पैकेट्स की मांग पर तत्काल कार्रवाई
जिला प्रशासन, सारण की ओर से प्रभावित क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त राशन पैकेट्स की मांग की गई थी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोरखपुर से हेलीकॉप्टर मंगवाया है। इसी हेलीकॉप्टर के माध्यम से आवश्यक राशन पैकेट्स को प्रभावित क्षेत्रों में एयर ड्रॉप करने के लिए भेजा जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, बाढ़ प्रभावित इलाकों में सामान्य आवागमन बाधित होने की स्थिति में हवाई माध्यम से राहत सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य उन परिवारों तक भोजन और जरूरी सामग्री पहुंचाना है, जहां सड़क या अन्य माध्यमों से राहत पहुंचाने में कठिनाई हो रही है।
राज्य सरकार ने कहा है कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित एवं पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने और लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।





