
भागलपुर/नाथनगर: एसएस बालिका उच्च विद्यालय, नाथनगर में गुरुवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विकास, छात्राओं की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई और भविष्य की तैयारी को लेकर शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआरडीए निदेशक (एनईपी) अमर कुमार मिश्रा रहे।
अमर कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकारी विद्यालयों का विकास अब सिर्फ रंगाई-पुताई तक सीमित नहीं रहेगा। विद्यालयों में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, आधुनिक प्रयोगशाला और बेहतर बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लक्ष्य एसएस बालिका उच्च विद्यालय को भागलपुर जिले के बेहतर विद्यालयों में शामिल करना है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार भी जरूरी है। इसके लिए शिक्षक, अभिभावक और छात्राओं के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी लेते रहने को कहा।
मुख्य अतिथि ने कहा कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक का समय विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई की मजबूत नींव तैयार करने के साथ उन्हें आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से मिलकर छात्राओं को शुरुआत से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य रोबिना अफरीन ने की। संगोष्ठी के दौरान विद्यालय में छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति और उनके सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अभिभावकों ने विद्यालय की सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी।
मौके पर अमल कुमार, अजय मांझी, नवीश कुमार, राज किशोर कुमार, रूपम कुमारी, चंदा झा, मीणा कुमारी, प्रीति रानी, सुजाता कुमारी, मोनिका कुमारी, ज्योति कुमारी और पूनम कुमारी समेत विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और छात्राएं मौजूद रहीं।





