पटना: बिहार की राजधानी पटना में चेन झपटमारी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में चेन झपटमारी की दो वारदात सामने आईं। पहली घटना दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी इलाके में हुई, जबकि दूसरी घटना गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में सामने आई। दोनों घटनाओं में बाइक सवार युवक-युवती के शामिल होने की बात सामने आई है। वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
घर के बाहर खड़े व्यक्ति से चेन झपटी
दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी इलाके में बुधवार सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच बाइक सवार युवक और युवती ने घर के पास सड़क पर खड़े एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन झपट ली। बाइक पर पीछे बैठी युवती ने मौका मिलते ही चेन छीनी और दोनों तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, चेन की कीमत करीब पांच से सात लाख रुपये है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में बाइक सवार युवक-युवती वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने के बाद दीघा थानाध्यक्ष अवनीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
लॉ एंड ऑर्डर एएसपी-2 सुषमा सागर ने बताया कि अर्जी मोड़ के पास चेन छीनने की घटना सामने आई है। CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
गर्दनीबाग में भी ठेकेदार से चेन झपटमारी
इसी दिन गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान एक ठेकेदार को भी चेन झपटमारी का शिकार बनाया गया। इस घटना में भी बाइक सवार युवक-युवती के शामिल होने की बात सामने आई है और वारदात CCTV में कैद होने की जानकारी है।
लगातार दो घटनाओं के बाद इलाके में ‘बंटी-बबली’ गैंग की चर्चा शुरू हो गई है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी गिरोह की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस CCTV और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।






