आय से अधिक संपत्ति मामले में प्रवर्तन अवर निरीक्षक के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, 1.49 करोड़ की संपत्ति का प्रथमदृष्टया खुलासा

आरा/भोजपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बुधवार को परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के भोजपुर और पटना स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। EOU की अलग-अलग टीमों ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर आवास और फ्लैट की तलाशी ली। इस दौरान जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज, संपत्ति के रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच की जा रही है।

EOU के अनुसार, अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ EOU थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, विश्वसनीय सूचना के आधार पर उनकी आय और संपत्ति का सत्यापन कराया गया था।

Sponsored Advertisement

सत्यापन के दौरान ज्ञात आय के वैध स्रोतों की तुलना में करीब 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये की संपत्ति प्रथमदृष्टया आय से अधिक पाई गई। EOU के अनुसार यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 148.10 प्रतिशत अधिक है। इसी आधार पर मामले को जांच के दायरे में लिया गया है।

भोजपुर और पटना में तलाशी

EOU की एक टीम ने भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अवधपुरी, चंदवा मोड़ के पास अमित कुमार गुप्ता के निजी आवास पर तलाशी ली। वहीं दूसरी टीम पटना के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित साई वरदान सिटी के सी ब्लॉक के फ्लैट नंबर 609 में जांच कर रही है। दोनों स्थानों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई की जा रही है।

अमित कुमार गुप्ता वर्तमान में कैमूर जिले के मोहनियां चेक पोस्ट पर प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर पदस्थापित बताए जा रहे हैं। इससे पहले वे पटना में पदस्थापित थे। प्राथमिकी में उनका स्थायी पता भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अवधपुरी बताया गया है।

EOU के अनुसार, तलाशी के दौरान बरामदगी से संबंधित विस्तृत जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है। तलाशी पूरी होने के बाद दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच के आधार पर आगे की जानकारी सामने आ सकती है। फिलहाल दोनों ठिकानों पर कार्रवाई जारी है।

दीपक गुप्ता/आरा

Related Posts

नगर निगम की समीक्षा बैठक में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, 46 वार्डों में नियमित कचरा उठाव पर जोर

सहरसा। नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपनगर आयुक्त शाहिद रजक खान और स्वच्छता पदाधिकारी देवेंद्र…

मालदा से हरिद्वार के बीच चलेगी साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन, पटना और आरा होकर होगा परिचालन

आरा। दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मालदा टाउन से हरिद्वार के बीच साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *