
सहरसा। नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपनगर आयुक्त शाहिद रजक खान और स्वच्छता पदाधिकारी देवेंद्र प्रसाद मौजूद रहे। इस दौरान नगर निगम के सभी 46 वार्डों में सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई और व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रत्येक वार्ड में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को नियमित और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों की नियमित सफाई और समय पर कचरा उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कचरा उठाव की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड में टिप्पर वाहन भेजने पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई कराने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कहा गया कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों की नियमित निगरानी जरूरी है। किसी भी वार्ड में कचरा जमा रहने की स्थिति में तत्काल उसका उठाव कराया जाए।
उपनगर आयुक्त शाहिद रजक खान ने सभी वार्ड सचिवों को निर्देश दिया कि वे सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक सफाई कार्य में सक्रिय रूप से मौजूद रहें। इस दौरान वे अपने-अपने वार्ड में सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे और कचरा संग्रहण एवं उठाव की स्थिति का जायजा लेंगे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी वार्डों में नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित करने के साथ सफाई कार्य को निर्धारित समय के अनुसार संचालित करने को कहा गया। अधिकारियों ने वार्ड सचिवों और सुपरवाइजरों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।
बैठक में एम ऑफ पीपुल एजेंसी के निरीक्षक नित्यानंद किशोर के अलावा नगर निगम क्षेत्र के सभी 46 वार्डों के वार्ड सचिव और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए वार्ड स्तर पर नियमित निगरानी की जाएगी। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़क सफाई, कचरा उठाव और सार्वजनिक शौचालयों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।





