आरा। दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मालदा टाउन से हरिद्वार के बीच साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पटना जंक्शन, आरा और बक्सर होते हुए हरिद्वार तक जाएगी। रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 03437/03438 मालदा टाउन-हरिद्वार पूजा स्पेशल का परिचालन 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 03437 मालदा टाउन-हरिद्वार पूजा स्पेशल प्रत्येक शनिवार को सुबह 10 बजे मालदा टाउन से रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन साहिबगंज, भागलपुर, सुल्तानगंज, किऊल जंक्शन, मोकामा और बख्तियारपुर जंक्शन होते हुए रात 20.13 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। यहां ठहराव के बाद ट्रेन 21.05 बजे आरा जंक्शन और 21.48 बजे बक्सर पहुंचेगी। इसके बाद 23.48 बजे डीडीयू जंक्शन पर ठहराव होगा।
रेलवे के निर्धारित समय के अनुसार, ट्रेन अगले दिन शाम 17 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से दीपावली और छठ पूजा के दौरान मालदा, भागलपुर, पटना, भोजपुर और आसपास के क्षेत्रों से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।
वापसी में रविवार को चलेगी ट्रेन
वापसी में गाड़ी संख्या 03438 हरिद्वार-मालदा टाउन पूजा स्पेशल प्रत्येक रविवार को शाम 18.45 बजे हरिद्वार से रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन 11.10 बजे डीडीयू जंक्शन, 12.30 बजे बक्सर, 13.25 बजे आरा जंक्शन और 14.33 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन 17.30 बजे किऊल जंक्शन, 19.45 बजे भागलपुर और 21.20 बजे साहिबगंज में ठहरेगी। निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन रात 23.55 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।
22 कोच की होगी पूजा स्पेशल
इस पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें छह जनरल, 10 स्लीपर, चार थर्ड एसी और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं। त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इस ट्रेन के परिचालन से भोजपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।





