जामताड़ा। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं के पथ प्रदर्शक हैं। उनके विचारों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर पार्टी कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले के सभी मंडलों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई जा रही है। कार्यकर्ता उनके दिखाए मार्ग पर चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में जुटे हैं।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में सेवा और समर्पण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जामताड़ा जिले में भी सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता जिले के सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को सरकार की जनहित योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ लेने में जिन गरीब और जरूरतमंद लोगों को परेशानी हो रही है या जिनके काम अधूरे हैं, कार्यकर्ता उनकी समस्याओं को संबंधित सक्षम अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और उनके सामाजिक दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट : संतोष कुमार, जामताड़ा





