भागलपुर। पीरपैंती थाना क्षेत्र के टोपरा गांव में बीमारी से 18 वर्षीय नवविवाहिता नंदनी कुमारी की मौत हो गई। मृतका की पहचान टोपरा निवासी जुगेश राय की पत्नी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर बीमारी के दौरान समुचित इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि नंदनी पहले से बीमार थी और उसका इलाज कराया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले नंदनी कुमारी और जुगेश राय ने प्रेम विवाह किया था। दोनों घर से चले गए थे। करीब एक महीने बाद नंदनी अपने ससुराल टोपरा आई थी और पिछले लगभग दो महीने से वहीं रह रही थी।
मृतका की सास इंदु देवी ने बताया कि नंदनी ससुराल आने से पहले से ही बीमार थी। ससुराल आने के बाद भी उसकी बीमारी का इलाज कराया जा रहा था। तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे शेरमारी में चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद टाइफाइड बताए जाने की बात सास ने कही।
इंदु देवी के अनुसार, नंदनी के इलाज और दवा के लिए परिवार ने ब्याज पर पैसे लेकर भी खर्च किया था। शुक्रवार को अचानक उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
इधर, मृतका की मां मोती देवी और भाई मनीष कुमार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नंदनी कई दिनों से बीमार थी, लेकिन ससुराल वालों ने उसका उचित इलाज नहीं कराया। मां ने अपनी बेटी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, नंदनी का पति जुगेश राय प्रदेश में काम करता है और घटना के समय वह बाहर था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पीरपैंती थाना की एसआई संगम कुमारी, एसआई राहुल कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






