गोपालगंज: जिले के बरौली थाना क्षेत्र के बघेची गांव स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे से पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पीड़ित प्रधानाध्यापक ने बरौली थाना में लिखित आवेदन देकर छह नामजद लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित प्रधानाध्यापक की पहचान सिवान जिले के गोरियाकोठी थाना क्षेत्र के करपलिया निवासी स्वर्गीय शिवजी तिवारी के पुत्र संजय कुमार त्रिवेदी के रूप में हुई है। वे बघेची उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।
थाना में दिए आवेदन के अनुसार, 22 सितंबर को करीब आधा दर्जन नामजद लोगों के साथ 50 से 60 की संख्या में लोग स्कूल परिसर में प्रवेश कर गए। विद्यालय के शिक्षकों ने जब उनसे आने का कारण पूछा, तो उन्होंने प्रधानाध्यापक के बारे में जानकारी मांगी। इसकी सूचना मिलने पर जैसे ही प्रधानाध्यापक अपने कक्ष से बाहर आए, उनके साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी गई।
प्रधानाध्यापक का आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक जब बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ छात्राओं को उकसाकर उनके खिलाफ गलत बयान दिलाने का प्रयास किया गया। घटना के कारण विद्यालय में चल रही परीक्षा भी बाधित हुई।
प्रधानाध्यापक ने आवेदन में एक अन्य कारण का भी उल्लेख किया है। उनका आरोप है कि विद्यालय में प्रयोगशाला के लिए तीन कमरों का निर्माण होना है। कुछ महीने पहले निर्माण कार्य का ठेका लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था। ठेका नहीं देने पर उन्हें बार-बार धमकी दी जा रही थी और अंजाम भुगतने की बात कही जा रही थी।
प्रधानाध्यापक ने इसी विवाद को मारपीट की घटना की वजह बताया है। फिलहाल बरौली थाना पुलिस वायरल वीडियो और लिखित शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।





