सहरसा। सहरसा के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। पटना में 22 से 24 सितंबर तक आयोजित 37वीं पूर्वी क्षेत्र राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए जिले के चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में साक्षी कुमारी अंडर-14, मानवी कुमारी अंडर-16, कृष्ण राज अंडर-20 और अन्नू कुमारी अंडर-20 वर्ग में शामिल हैं।
सहरसा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रोशन सिंह धोनी ने बताया कि इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता में जगह बनाई है। वहीं, जिला एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष रोहित राज को बिहार एथलेटिक्स टीम का कोच नियुक्त किया गया है। खिलाड़ियों के साथ जिले के कोच का भी राज्य टीम की जिम्मेदारी संभालना सहरसा के लिए उपलब्धि माना जा रहा है।
चार खिलाड़ियों और एक कोच के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने के बाद जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। जिला एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सैयद शमी अहमद ने चयनित खिलाड़ियों, कोच, तकनीकी पदाधिकारियों और सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सहरसा में खेलों के लिए बेहतर माहौल लगातार तैयार हो रहा है और एथलेटिक्स तेजी से उभरकर सामने आया है।
संघ के अध्यक्ष रवींद्र कुमार सिंह उर्फ आरके सिंह ने कहा कि जिले में खेलों के लिए बेहतर वातावरण बनाया जा रहा है। खासकर एथलेटिक्स और क्रिकेट में खिलाड़ियों के लिए बेहतर संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जिले में खेल का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के लिए अपने स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला खेल पदाधिकारी कुमारी तोशी ने भी चयनित खिलाड़ियों और कोच को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सहरसा खेल के क्षेत्र में और आगे बढ़ेगा। उन्होंने खिलाड़ियों के चयन को जिले के लिए गर्व का विषय बताया।
इस मौके पर जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष दिवाकर सिंह, जिला साइकलिंग संघ अध्यक्ष डॉ. जयंत आशीष, जिला टेबल टेनिस संघ अध्यक्ष विवेक विशाल, जिला तैराकी संघ अध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया, जिला हॉकी संघ अध्यक्ष सुनील कुमार झा समेत विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





