
सिवान में रिटायर्ड फौजी की जमीन पर कथित कब्जे का मामला अब देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तक पहुंच गया है। रिटायर्ड सूबेदार शेख अशरफ अली ने रक्षा मंत्री समेत बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि भूमाफिया उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और जमीन खाली छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये की मांग की जा रही है।
मामला सिवान जिले के एमएच नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। रिटायर्ड सूबेदार शेख अशरफ अली के मुताबिक, उन्होंने सेना में रहते हुए साल 2001 में सिवान शहर के लछमीपुर में तीन कट्ठा जमीन खरीदी थी। जमीन की घेराबंदी कर उस पर गेट भी लगाया गया था। रिटायरमेंट के बाद वह इसी जमीन पर घर बनाकर परिवार के साथ रहने की तैयारी कर रहे थे।
शेख अशरफ अली का आरोप है कि कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी। उन्होंने पुलिस की मदद से जमीन के चारों तरफ दोबारा दीवार खड़ी कराई। लेकिन जब वह अपने फौजी साथियों से मिलने हरियाणा गए, तो उन्हें जानकारी मिली कि जमीन की घेराबंदी में लगा गेट काटकर ले जाया गया है।
उन्होंने सिवान के शेख मोहल्ला निवासी मो. सलीम, मो. एहसान, मो. मुस्तफा, साजिद लंगड़ा और छोटे पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
रिटायर्ड सूबेदार के फौजी साथी बीसी चौहान ने भी मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि कई अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बावजूद अब तक समाधान नहीं हुआ। पीड़ित पक्ष ने जिलाधिकारी, एसपी और मुख्यमंत्री को भी शिकायत भेजने की बात कही है।
वहीं, सिवान नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने कहा कि उन्हें मामले की मौखिक जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





