बेगूसराय: जिले के बखरी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां के लिखित आवेदन पर बखरी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को नाबालिग छात्रा की मां ने बखरी थाना में आवेदन दिया। आवेदन में आरोप लगाया गया कि बखरी स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ाने वाले युवक सौरभ कुमार ने उनकी 16 वर्षीय पुत्री का कथित तौर पर यौन शोषण किया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से मोबाइल फोन के माध्यम से छात्रा के संपर्क में था। आरोप है कि आरोपी ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अनुमंडल गेस्ट हाउस के पास पीपल के पेड़ के समीप बुलाया और उसके साथ कथित रूप से यौन संबंध बनाए।
घटना के बाद छात्रा के परेशान रहने पर परिजनों ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई। पीड़िता की मां का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपी युवक और कोचिंग संचालक से इस संबंध में बात की तो उन्हें कथित तौर पर धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने बखरी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को महिला पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेजा है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बखरी थाना कांड संख्या 362/26, दिनांक 22 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
बताया गया है कि आरोपी सौरभ कुमार पूर्व में एबीवीपी के बेगूसराय जिले में नगर महामंत्री के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। हालांकि, वर्तमान मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगी।






