बेतिया: पश्चिम चंपारण के लौरिया-बेतिया मुख्य पथ एनएच-727 पर बुधवार दोपहर एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हुआ। जिरिया बंगाली माई स्थान के समीप अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। करीब एक महीने के भीतर इसी मार्ग पर दूसरा बड़ा हादसा होने से सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात ट्रक लौरिया से बेतिया की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार तीन युवक विपरीत दिशा से आ रहे थे। जिरिया बंगाली माई मंदिर के समीप दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तीनों घायलों को तत्काल लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान पलटू साह, पिता रामबालक साह, अनुकेब मियां, पिता नथनी मियां और साहिल, पिता दिलशान मियां के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में शामिल अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है।
एक महीने में दूसरा बड़ा हादसा
एनएच-727 पर करीब एक महीने के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले इसी बेतिया-लौरिया मुख्य पथ पर बस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई थी। अब तीन बाइक सवार युवकों की मौत के बाद एक बार फिर इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर तेज रफ्तार और बसों के बीच आगे निकलने की होड़ के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। ग्रामीणों ने परिवहन व्यवस्था और वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी निगरानी की मांग की है।






