बिहपुर। प्रखंड के धरमपुररत्ती पंचायत अंतर्गत जयरामपुर नन्हकार गांव निवासी सागर शर्मा के पुत्र रौशन कुमार (30) की रविवार की सुबह राजस्थान के जयपुर में टावर पर काम करने के दौरान गिरने से मौत हो गयी। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव स्थित घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के रिश्तेदार सिंटू शर्मा ने बताया कि रौशन कुमार जयपुर में अरावली टावर 765 केवी लाइन टावर पर फीटर के रूप में काम कर रहा था। रविवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे काम करने के दौरान वह टावर से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गयी।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के पिता सागर शर्मा, माता सुनीता देवी, पत्नी मंती देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के छोटे बच्चों पुत्र पवन कुमार, आनंद कुमार, देव कुमार और पुत्री सोनाक्षी कुमारी का रो-रोकर हाल बेहाल है।
रौशन की कमाई से चलता था सात सदस्यों का परिवार
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, रौशन कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी कमाई से परिवार के सात सदस्यों का भरण-पोषण होता था। वह करीब तीन-चार महीने पहले आसपास के सहयोगियों के साथ रोजगार के लिए जयपुर गया था।
पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि रौशन ने दो दिन पहले अपनी पत्नी से मोबाइल पर बातचीत की थी। बातचीत के दौरान उसने दीपावली में घर आने और छठ पूजा संपन्न होने के बाद दोबारा काम पर लौटने की बात कही थी। परिवार को उम्मीद थी कि त्योहार पर वह घर लौटेगा, लेकिन हादसे की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
बताया गया कि जिस कंपनी में रौशन काम करता था, वह जयपुर में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को उसके पैतृक गांव जयरामपुर नन्हकार भेजने की प्रक्रिया कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।






