मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दो चरणों में किये गये 21 वायदों पर राज्य मंत्रिपरिषद ने शुक्रवार को मुहर लगा दी। इन्हें पूरा करने पर लगभग तीन हजार करोड़ (2960. 48) रुपए खर्च होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में 55 एजेंडों पर मुहर लगी। इनमें 21 प्रस्ताव मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा से सम्बद्ध थे।

बैठक के बाद कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने बताया कि गन्ना मूल्य में 10 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी। इसके तहत मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान किए गए वादे के तहत गन्ना किसानों को बड़ी राहत दी गई है। इस निर्णय से राज्य के लाखों गन्ना किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ होगा। हालांकि, सरकार को 70 करोड़ का अतिरिक्त खर्च वहन करना होगा।

पूर्वी चंपारण और वैशाली जिलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए दो बड़ी परियोजना स्वीकृत की गई हैं। पूर्वी चंपारण जिले के मेहसी प्रखंड में बूढ़ी गंडक नदी के इब्राहिमपुर घाट पर आरसीसी पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 17.50 करोड़ मंजूर किए हैं। वहीं, 6.750 किमी के प. चंपारण के पथरी घाट से बरवत सेना पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 73 करोड़, शिवहर में शिवहर-मीनापुर पथ के चौड़ीकरण के लिए 172.76 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *