जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत पंजुनिया पंचायत के नीलजुड़िया गांव में इन दिनों एक अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। यहां 475 फीट गहरी बोरिंग से लगातार पानी बाहर निकल रहा है। खास बात यह है कि पानी निकालने के लिए किसी मोटर या पंप की जरूरत नहीं पड़ रही है। इस नजारे को देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी लोग पहुंच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव के किसान भीम मंडल ने अपने पोल्ट्री फार्म के लिए बोरिंग कराई थी। करीब 420 फीट तक धूल और मिट्टी निकलती रही, लेकिन 475 फीट गहराई पर अचानक पानी निकलने लगा। तब से पानी लगातार बह रहा है।
**पानी की बर्बादी से उठे सवाल**
एक ओर ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर जमीन से निकल रहा हजारों लीटर पानी बिना उपयोग के बर्बाद हो रहा है। बताया जाता है कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से पानी का नमूना जांच के लिए लिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है।
**प्रशासन से जल संरक्षण की मांग**
किसान भीम मंडल ने प्रशासन से यहां पानी की टंकी बनवाने और पाइपलाइन के जरिए आसपास के गांवों तक पानी पहुंचाने की मांग की है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी व्यवस्था करना उनके अकेले के बस की बात नहीं है।
यदि प्रशासन पहल करे तो इस जलस्रोत से ग्रामीणों को पेयजल और किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस प्राकृतिक जलस्रोत को संरक्षित करने के लिए कब तक कदम उठाता है।
**संतोष कुमार/जामताड़ा :**






