भागलपुर/कहलगांव: भारतीय मजदूर संघ की दो दिवसीय प्रांतीय कार्यसमिति बैठक रविवार को एनटीपीसी कहलगांव परिसर स्थित अलकनंदा भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक के दौरान श्रमिकों की समस्याओं, उनके अधिकारों और संगठन को मजबूत बनाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भारतीय मजदूर संघ का प्रदेश अधिवेशन 26, 27 और 28 मार्च 2027 को पूर्णिया में आयोजित किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राजेश कुमार लाल प्रसाद ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री मनीष कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत अखिल भारतीय मंत्री संजय कुमार सिन्हा और क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान ‘देश के हित में करेंगे काम और काम के लेंगे पूरे दाम’ तथा ‘बीएमएस की क्या पहचान, त्याग, तपस्या और बलिदान’ जैसे नारों से परिसर गूंज उठा।
उद्घाटन सत्र में स्थानीय विधायक शुभानन्द मुकेश ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ एक सशक्त श्रमिक संगठन है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिकहित की रक्षा करना है। वहीं पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। वे भी पहले संगठन के सदस्य और प्रदेश मंत्री का दायित्व निभा चुके हैं।
बैठक के पहले दिन संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं, उनके अधिकारों और हितों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने श्रमिकों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठनात्मक एकजुटता पर जोर दिया।
बैठक में संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई। पूर्णिया में तीन दिवसीय प्रदेश अधिवेशन आयोजित करने का निर्णय इस बैठक का प्रमुख निष्कर्ष रहा।
इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष रामबाबू सिंह, प्रांतीय मंत्री शंभू कुमार चौबे, सिम्पी कुमारी, वित्त सचिव मुकेश कुमार सिन्हा सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। एनटीपीसी श्रमिक संघ की कहलगांव इकाई के पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।






