सहरसा जिले के कहरा प्रखंड अंतर्गत बरियाही पंचायत भवन में मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार सहित जिले एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के उद्देश्य से पहुंचे।
कार्यक्रम में पहुंचने पर पंचायत की मुखिया श्रीमती संगीता कुमारी ने जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार को पाग एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद शिविर में आए ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई की गई।
शिविर के दौरान कई लाभुकों के बीच निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं मृत्यु प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। प्रमाण पत्र मिलने से लाभुकों में खुशी देखी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से संबंधित जानकारी भी दी।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से पंचायत स्तर से लेकर प्रखंड एवं जिला स्तर तक सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से आम जनता अपनी विभिन्न समस्याओं को सहयोग पोर्टल पर आवेदन के जरिए दर्ज कराकर उनका समाधान प्राप्त कर सकती है। उन्होंने लोगों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
मुखिया संगीता कुमारी ने जिला पदाधिकारी सहित सभी अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए एक बेहतर अवसर है। पंचायत के लोग इसमें आवेदन कर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।
शिविर में सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रेयांश तिवारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बीडीओ कहरा, सीओ कहरा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा जिला 20 सूत्री सदस्य गणेश कुमार गौरव पान, पंचायत सचिव अमर राज, पैक्स अध्यक्ष मनोज यादव, उपमुखिया प्रतिनिधि गुड्डू शाह, वार्ड सदस्य देवेंद्र तांती, प्रमोद यादव, संतोष यादव, भावेश राम, दिनेश यादव, स्वच्छता पर्यवेक्षक आलोक राज, कार्यपालक सहायक रुचि कुमारी, अशोक तांती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।






