नवादा: बिहार के नवादा जिले में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना हिसुआ थाना क्षेत्र के मटुक बिगहा गांव की है, जहां सोमवार की सुबह सुनसान जगह पर एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना हिसुआ थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने उसकी तस्वीर जारी की, जिसके आधार पर मृतक की पहचान रूपौ गांव निवासी 40 वर्षीय संजय पांडेय के रूप में हुई।
दवा लेने के लिए निकले थे घर से
बताया जा रहा है कि संजय पांडेय धमौल से दवा लाने के लिए नवादा आए थे। वह पेशे से पुजारी थे और अपनी नानी के घर आए हुए थे। परिजनों के अनुसार, वह दवा लेने के लिए घर से निकले थे। लेकिन उनका शव नानी के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक सुनसान जगह पर मिला।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया।
हत्या या आत्महत्या, जांच जारी
फिलहाल संजय पांडेय की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल किसी पर संदेह जाहिर नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।






