- हाजीपुर। बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वैशाली जिले में 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। इस दौरान बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किए जाने की संभावना है। इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अधिकारियों की टीमें लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे और कार्यक्रम की अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए वैशाली जिले के औद्योगिक क्षेत्र में स्थल का चयन कर लिया गया है। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल को लेकर जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर कैंप कार्यालय बनाए गए हैं, जहां से तैयारियों की निगरानी की जा रही है। समय कम होने के कारण निर्माण, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाई गई है।
इसी सिलसिले में 5 नवंबर को बिहार के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला प्रशासन को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने क्या कहा?
वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए औद्योगिक क्षेत्र में स्थान चिह्नित कर लिया गया है। यह जगह प्रशासन की ओर से औद्योगिक विभाग को हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए यह एक आदर्श स्थान है और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समय कम होने के कारण लगातार काम कराया जा रहा है।
कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन होने से वैशाली समेत आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे आवागमन और क्षेत्रीय विकास को गति मिल सकती है। फिलहाल पूरे जिले की नजरें 21 नवंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम पर टिकी हैं।






