
गयाजी: बिहार के गयाजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाईलैंड से पहुंची दो महिलाओं के सामान की तलाशी के दौरान करीब 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार दोनों महिलाएं पंजाब की रहने वाली बताई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों महिलाएं थाई एयरवेज की फ्लाइट से थाईलैंड से गयाजी पहुंची थीं। एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान उनके सामान की एक्सरे मशीन से स्कैनिंग की गई। इसी दौरान सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा कर्मियों को चार अलग-अलग बैग में संदिग्ध सामान दिखाई दिया। इसके बाद महिलाओं से पूछताछ की गई। शुरुआत में उन्होंने अपने पास किसी प्रतिबंधित सामान होने से इनकार किया, लेकिन जब बैग की बारीकी से तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखा गया करीब 10 किलो गांजा बरामद हुआ।
वीओ: बरामदगी के बाद सीआईएसएफ के जवानों और कस्टम अधिकारियों ने दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। गया एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने करीब आठ घंटे तक उनसे पूछताछ की। पूछताछ से संतुष्ट होने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उनके स्थानीय पते की भी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि चार दिन पहले छह लोगों का एक ग्रुप थाईलैंड गया था। बुधवार को इसी ग्रुप की दो महिलाएं नशीले पदार्थ की खेप के साथ वापस लौटीं, जबकि ग्रुप के बाकी चार सदस्य अभी तक गया एयरपोर्ट नहीं पहुंचे हैं।
वहीं, एयरपोर्ट निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि यहां सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने कहा कि पूछताछ और कानूनी कार्रवाई में समय लगने के कारण बुधवार को संबंधित एजेंसी महिलाओं को अपने साथ नहीं ले गई थी। उन्हें सीआईएसएफ की कड़ी सुरक्षा में एयरपोर्ट के गेस्ट हाउस में रखा गया था। गुरुवार को दोनों को पटना ले जाया जाएगा।
गौरतलब है कि गया एयरपोर्ट पर गांजा बरामदगी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इस तरह की चार घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब जांच एजेंसियां इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।





