बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित कोसुक गांव में सनबीम सेंट्रल स्कूल के आठवीं कक्षा के छात्र आनंद राज का शव करीब 12 घंटे बाद कोसुक नदी से बरामद किया गया। छात्र का शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने राजगीर-बिहारशरीफ मुख्य सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने छात्र की हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि, मौत के कारणों का फिलहाल आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आनंद राज मूल रूप से अथमलगोला के बूढ़रा गांव का रहने वाला था। वह पिछले चार वर्षों से सनबीम सेंट्रल स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को ही वह गांव से हॉस्टल लौटा था। इसके कुछ घंटे बाद ही वह रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया। छात्र की तलाश के दौरान देर रात ग्रामीणों ने उसकी बरामदगी की मांग को लेकर करीब पांच घंटे तक सड़क जाम कर हंगामा किया था।
करीब 12 घंटे बाद नदी से छात्र का शव बरामद होने की सूचना मिलते ही लोगों का गुस्सा फिर भड़क उठा। ग्रामीणों ने राजगीर-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आनंद राज पर एक छात्रा से जुड़े मामले को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। उनका दावा है कि हाल ही में एक छात्रा ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी, जिसके बाद आनंद राज को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। हालांकि, इन आरोपों और कथित प्रेम प्रसंग की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्कूल के आसपास भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों से ही स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई।






