आरा: भोजपुर जिले में पटना-बक्सर फोरलेन एनएच पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। कोईलवर थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया टोल प्लाजा के पास पुलिस को देखकर भागने के दौरान शराब लदी स्कॉर्पियो आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया और उसमें लदी शराब की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब सात बजे उत्तर प्रदेश की ओर से एक स्कॉर्पियो आ रही थी। बताया जा रहा है कि गाड़ी में शराब लदी हुई थी। इसी दौरान कुल्हड़िया टोल प्लाजा के पास पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो सवार युवक तेजी से भागने लगे। इसी क्रम में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान बाढ़ के गुलाबबाग निवासी 29 वर्षीय कन्हैया कुमार और 27 वर्षीय नीतीश कुमार के रूप में हुई है। नीतीश कुमार के पिता का नाम श्रवण यादव बताया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. आजम खान ने बताया कि कन्हैया कुमार की स्थिति चिंताजनक है।
वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने शराब लदी दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। वाहन में रखी शराब की मात्रा और अन्य विवरणों की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। जांच के बाद ही शराब की तस्करी से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।






