वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में चोरों ने रिटायर्ड दरोगा और रिटायर्ड प्रोफेसर के घर को निशाना बनाया है। चोरों ने दोनों घरों से लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली। इस दौरान घर के ग्रिल और चापाकल के हैंडल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
मामला पातेपुर थाना क्षेत्र की राघोपुर नरसंडा पंचायत के बाजितपुर गांव का है, जहां चोरों ने दो घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित रिटायर्ड दरोगा श्याम शंकर झा के अनुसार, उनके घर में गांव के दो ज्ञात और दो-तीन अज्ञात लोगों द्वारा चोरी किए जाने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़ने का प्रयास किया। ताला नहीं टूटने पर चापाकल का हैंडल तोड़ दिया और घर में रखे गेहूं के बोरे लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान घर के सामान और महत्वपूर्ण कागजातों की चोरी की भी बात सामने आई है।
वहीं, गांव में चौकीदार के घर के बगल में स्थित रिटायर्ड प्रोफेसर मोहन कुमार के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। मामले में कुछ लोगों के नाम सामने आने के बाद पुलिस छापेमारी कर रही है। वैशाली के एसएसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








