सहरसा में सड़क सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही बैजनाथपुर अंडरपास के सर्विस रोड का निर्माण जल्द पूरा कराने और बैजनाथपुर-सोनवर्षा मार्ग के गड्ढों की अविलंब मरम्मत करने को कहा गया है। इसे लेकर गुरुवार को जिला स्तरीय हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स की बैठक हुई।
सहरसा जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, यातायात नियमों के अनुपालन और आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
डीएम ने यातायात पुलिस, थाना पुलिस और जिला परिवहन कार्यालय को आपसी समन्वय के साथ जिले के विभिन्न मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। जांच के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, ट्रिपल राइडिंग और वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
वहीं, राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई और चालान करने का निर्देश भी दिया गया। प्रशासन का मानना है कि अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है।
बैठक में एनएच-107 स्थित बैजनाथपुर अंडरपास के सर्विस रोड का निर्माण शीघ्र पूरा कराने को कहा गया। वहीं, बैजनाथपुर से सोनवर्षा जाने वाली सड़क के गड्ढों की जल्द मरम्मत कराने का निर्देश पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को दिया गया।
इसके अलावा, बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की समीक्षा करते हुए ग्रामीण कार्य विभाग, सहरसा और सिमरी बख्तियारपुर के कार्यपालक अभियंताओं को 15 दिनों के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष और नगर निकायों के अधिकारी भी जुड़े। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा में सहयोग करने की अपील की।








