मुजफ्फरपुर/बेगूसराय: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने बड़ी कार्रवाई की है। योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारदा कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में गुरुवार सुबह एक साथ पांच ठिकानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 50 लाख रुपये नकद बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
EOU की अलग-अलग टीमों ने मुजफ्फरपुर, भागलपुर, मुंगेर और पटना समेत कुल पांच ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। टीमों ने आवास और कार्यालय परिसरों में दस्तावेजों की जांच की। इसके साथ ही जमीन-जायदाद, बैंक खातों, लॉकर और निवेश से जुड़े कागजात भी खंगाले जा रहे हैं। तलाशी पूरी होने के बाद संपत्ति और बरामदगी का विस्तृत आकलन सामने आने की उम्मीद है।
भागलपुर के तिलकामांझी क्षेत्र स्थित नारदा कुमार दास के निजी आवास पर भी EOU की टीम पहुंची। तीन से चार सफेद गाड़ियों से पहुंची टीम ने घर के अंदर जाकर तलाशी शुरू की। अधिकारियों ने दस्तावेजों और अन्य सामानों की जांच की।
EOU इंस्पेक्टर जफरुद्दीन ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्यपालक अभियंता नारदा कुमार दास के भागलपुर स्थित ठिकाने की तलाशी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि कुल पांच ठिकानों पर कार्रवाई चल रही है और सर्चिंग पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, नारदा कुमार दास के खिलाफ 7 अक्टूबर 2026 को केस नंबर 28/26 दर्ज किया गया था। उन पर भ्रष्टाचार निरोधक कानून की विभिन्न धाराओं के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में 83 लाख 53 हजार 200 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का दावा किया गया है, जो उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 64.93 फीसदी अधिक बताई गई है।
फिलहाल EOU की कार्रवाई जारी है। जमीन, मकान, बैंक खाते, लॉकर, निवेश और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामद नकदी और अन्य संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सामने आएगा।





