सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के बस्ती इलाके में जमीन और रास्ते को लेकर विवाद के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में इस्लामियां चौक निवासी जावेद अली ने सदर थाना में आवेदन देकर कुछ नामजद लोगों समेत करीब 25-30 अज्ञात लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में दो लोगों के घायल होने की बात कही गई है। घायलों का इलाज सदर अस्पताल सहरसा में चल रहा है।
आवेदन के अनुसार, जावेद अली की बहन की शादी सहरसा बस्ती वार्ड नंबर 26 में हुई है। उनके बहनोई इंडियन एयरफोर्स में कार्यरत हैं और वर्तमान में बाहर रहते हैं। पीड़ित के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को करीब दो बजे उन्हें सूचना मिली कि सहरसा बस्ती में सजदा खातून के यहां रास्ते पर दीवार का निर्माण कराया जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद जावेद अली मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर कहा कि उनके बहनोई के आने के बाद दीवार का निर्माण कराया जाए। आरोप है कि इसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आवेदन में मो. असदुल्लाह समेत कुछ अन्य लोगों पर लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप लगाया गया है, जिससे वह घायल हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि किसी तरह मौके से निकलकर वह अपनी बुआ के घर पहुंचे और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद कई लोग कथित तौर पर वहां पहुंचे और हंगामा करने लगे। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दरवाजा तोड़कर उन्हें और उनके चाचा को बाहर निकाला गया और दोनों के साथ मारपीट की गई।
जावेद अली ने आवेदन में मो. तारिक, पिता मो. इदरीस, मो. दाऊद, पिता मो. सकील और मो. सलमान, पिता मो. खुर्शीद समेत करीब 25-30 अज्ञात लोगों को आरोपी बताया है। मो. तारिक पर जान से मारने की नीयत से लाठी से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पक्ष ने सदर थाना पुलिस से मामले की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।






