
सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी-नासरीगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल से स्कूल जा रहे दो छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना दरिहट थाना क्षेत्र में दरिहट हाईस्कूल के समीप की बताई जा रही है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया, जिससे करीब चार घंटे तक मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र साइकिल से अशोक कुमार जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 13 वर्षीय लवकुश कुमार और 12 वर्षीय आयुष कुमार के रूप में हुई है। दोनों इसी विद्यालय में आठवीं कक्षा के छात्र हैं।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों छात्रों को इलाज के लिए डेहरी स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। बताया गया कि लवकुश का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि आयुष की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने ट्रक को रोक लिया और चालक के साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस वाहन और ट्रक को घेर लिया। ग्रामीणों ने वरीय अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की।
आक्रोशित ग्रामीणों ने डेहरी-नासरीगंज मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम रखा। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की।
पुलिस और प्रशासन की ओर से सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने तथा वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।
दरिहट थानाध्यक्ष राकेश गोसाई ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।





