सारण। जिले के एकमा थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम हुई हिंसक झड़प और चाकूबाजी की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। परसागढ़ बाजार और पचुवां पंचायत के जिराती टोला में हुई इस घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। घटना के बाद पुलिस ने दोनों प्रभावित इलाकों में बड़ी संख्या में बल तैनात कर दिया है।
मृतकों की पहचान मुकेश यादव, रविश यादव और अंकु कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल विवेक कुमार का पटना के अस्पताल में इलाज चल रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना में एक युवक की मौत मौके पर हुई, जबकि दो अन्य घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे पुरानी आपसी रंजिश की आशंका है। स्थानीय स्तर पर इलाके में वर्चस्व को लेकर विवाद की बात भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने अभी घटना की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की असली वजह स्पष्ट होगी।
घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां भी तनाव की स्थिति बनने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।
छह लोग पूछताछ के लिए हिरासत में
तीन युवकों की मौत के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने मामले में छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। आसपास के इलाकों में भी पुलिस टीम जानकारी जुटा रही है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है। दोनों प्रभावित इलाकों में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
तीन मौतों के बाद अब पुलिस के सामने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने और इलाके में दोबारा तनाव न बढ़ने देने की चुनौती है।






