
महाराजगंज/सीवान दशहरा, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर महाराजगंज अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को अनुमंडल कार्यालय के संवाद कक्ष में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी अनिता सिन्हा ने की। इसमें महाराजगंज डीएसपी अमन कुमार के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य शामिल हुए।
बैठक में पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की रणनीति बनाई गई।
शांति समिति के सदस्यों ने शहर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की मांग रखी। इस पर नगर पंचायत के अधिकारियों को आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। दशहरा के दौरान जरती माता मंदिर में संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष पुलिस बल की तैनाती पर भी चर्चा हुई।
पूजा पंडालों की सुरक्षा पर सख्ती
प्रशासन ने पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया है। पंडालों की जांच के लिए संबंधित थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी और बीडीओ को जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि पंडालों में पर्याप्त बालू और अग्निशमन के जरूरी इंतजाम मौजूद हों। अग्निशमन विभाग को सभी पंडालों का निरीक्षण करने को कहा गया है।
छठ को देखते हुए घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। एसडीओ ने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।
दशहरा के दौरान मेडिकल टीम की व्यवस्था, बिना लाइसेंस पटाखा बिक्री पर रोक और पंडालों में टेंपरेरी विद्युत कनेक्शन को अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा मिठाई दुकानों की जांच कर मिलावटी और नकली मिठाई बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है।





