
जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक जामताड़ा के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के सभी थानों और पुलिस प्रतिष्ठानों में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में नाला थाना परिसर में भी विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव के नेतृत्व में थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी और जवान अभियान में शामिल हुए। थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों ने हाथ में झाड़ू लेकर पूरे थाना परिसर की सफाई की। परिसर के अलग-अलग हिस्सों में जमा कचरे को हटाया गया और साफ-सफाई कर वातावरण को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया।
स्वच्छता अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने केवल परिसर की सफाई ही नहीं की, बल्कि नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर थाना प्रभारी समेत सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
पुलिसकर्मियों ने शपथ लेते हुए थाना परिसर को हमेशा साफ और व्यवस्थित रखने के साथ आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही थाना परिसर को हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए पौधरोपण एवं हरियाली को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि इसे नियमित आदत के रूप में अपनाने की जरूरत है। पुलिसकर्मी अपने कार्यस्थल को स्वच्छ रखने के साथ आम लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को संदेश दिया कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज के लिए जरूरी है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में हर व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जामताड़ा जिले के सभी थानों और पुलिस प्रतिष्ठानों में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया गया। इसी अभियान के तहत नाला थाना में भी पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा





