
जामताड़ा जिले के गोरायनाला मंडल अंतर्गत सिउलीबाड़ी पंचायत के कुशियारा गांव में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुदूर ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचे सैकड़ों लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष गिरधारी मंडल ने की।
शिविर में मेडिकल टीम ने ग्रामीणों की बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन समेत अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की। जांच के बाद चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार ग्रामीणों के बीच दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
मौके पर भाजपा नेता मनीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिले में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गोरायनाला मंडल के सुदूर गांव कुशियारा में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है। स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित खान-पान, नियमित दिनचर्या और योग को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। भाजपा का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सेवा कार्य पहुंचाना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर आवश्यक सहायता मिल सके।
शिविर में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जयदीप मलिक ने कहा कि मनीष दुबे के आग्रह पर कुशियारा गांव में यह स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव में ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक कठिनाई के कारण कोई व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान सीएचओ असरिता किस्कू, एचएम मो. असगर अंसारी, एएनएम रंजू देवी, फार्मासिस्ट श्याम किशोर रविदास सहित मंडल अध्यक्ष गिरधारी मंडल, अमर मंडल, नीलिमा दे और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया।
संतोष कुमार, जामताड़ा।





