
धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ भगत जी मंदिर के समीप बुधवार रात सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान डहुआटांड़ के कटिहार मार्केट निवासी सुरेश चौरसिया के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
बताया जा रहा है कि सुरेश चौरसिया रात करीब 9:45 बजे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मनईटांड़ भगत जी मंदिर के पास एफसीआई का चावल लदा ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही धनसार थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटना से आक्रोशित लोगों ने कुछ ट्रकों में तोड़फोड़ की और सड़क को जाम कर दिया। मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एफसीआई के ट्रकों की आवाजाही के कारण इस इलाके में पहले भी हादसे हो चुके हैं। लोगों के मुताबिक, बरमसिया एफसीआई गोदाम से मनईटांड़ होते हुए जोड़ाफाटक तक सड़क संकरी और भीड़भाड़ वाली है। इसके बावजूद शाम के समय भारी वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे जाम के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने इसे लेकर प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
वहीं, हादसे के बाद रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों ने ट्रक में लदे सरकारी चावल की बोरियां चोरी करने का प्रयास किया। बताया गया कि करीब आधे ट्रक का चावल चोरी कर लिया गया। पुलिस ने चोरी का चावल ले जा रहे कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है।
सुबह कई समाजसेवी भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने के प्रयास में जुटे। वहीं कुंभनाथ सिंह की ओर से परिजनों को तत्काल दाह संस्कार के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।






