पलामू नौडीहा बाजार। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खैरादोहर गांव में 16 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रमोद भुईयां की पुत्री सुमन कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम करीब चार बजे सुमन घर में अकेली थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उसे तत्काल छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान रात करीब आठ बजे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी की पुलिस ने परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
परिजनों ने युवती के मानसिक तनाव में होने की बात बताई है। हालांकि, उसकी मौत की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद खैरादोहर गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला





