
पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। छतौनी थाना क्षेत्र के मीना बाजार के समीप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी से शराब की खेप बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान स्कूटी सवार संदिग्ध तस्कर भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्कूटी को जब्त कर फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
मोतिहारी में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छतौनी थाना क्षेत्र के मीना बाजार के समीप पुलिस ने एक स्कूटी से 57 पीस 8 PM फ्रूटी शराब बरामद की है। बताया जा रहा है कि मुफस्सिल सदर ALTF प्रभारी धर्मवीर कुमार चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर शराब की डिलीवरी देने के लिए इलाके में पहुंचने वाला है।
सूचना मिलने के बाद ALTF की टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध स्कूटी पर पड़ी। टीम ने स्कूटी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार तस्कर वहां से भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन भीड़भाड़ का फायदा उठाकर आरोपी स्कूटी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने स्कूटी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी से 57 पीस 8 PM फ्रूटी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ स्कूटी को भी जब्त कर लिया है। बरामद शराब और जब्त वाहन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए छतौनी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
पुलिस अब जब्त स्कूटी के आधार पर उसके मालिक और फरार तस्कर की पहचान करने में जुटी है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी किए जाने की बात कही गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





