लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रोहतास जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक ने डेहरी अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
**प्रमुख छठ घाटों का लिया जायजा**
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने डेहरी के सुधा फैक्ट्री क्षेत्र, एनीकट सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों का दौरा किया। अधिकारियों ने घाटों की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, आने-जाने के रास्तों, बैरिकेडिंग और पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। जहां भी तैयारियों में कमी दिखाई दी, उसे समय रहते दूर करने का निर्देश दिया।
**सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर**
जिलाधिकारी ने सभी छठ घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से पूरे होने चाहिए। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, नियमित साफ-सफाई, पेयजल और सुगम पहुंच पथ की व्यवस्था करने को कहा गया।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और छठ व्रतियों की सुविधा का ध्यान रखने का निर्देश दिया।
**पुलिस बल की होगी तैनाती**
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रमुख एवं संवेदनशील छठ घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया, ताकि पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी, ओएसडी, अंचल अधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ छठ पूजा से पहले तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





